वृश्चिक राशि का बुध .



पिछले लेख में गोचर के शनि यानि आज के आकाश में तुला राशि में शनि की ग्रह स्थिति‍ को बताते हुए लिखा ही जा चुका है कि भले ही अपने जन्‍मकालीन ग्रहों के हिसाब से ही लोग जीवन में सुख या दुख प्राप्‍त कर पाते हैं , पर उस सुख या दुख को अनुभव करने में देर सबेर करने की भूमिका आसमान में समय समय पर बन रही ग्रहों की स्थिति की ही होती हैं। जिस प्रकार शनि की तुला राशि में स्थिति ढाई वर्षों तक कुछ को सुख तो कुछ को दुख प्रदान करनेवाली होगी , उसी तरह अन्‍य ग्रहों की स्थिति भी कुछ कम अंतराल के लिए किसी को सुख तो किसी को कष्‍ट प्रदान करनेवाली होती है। जहां एक वर्ष के लिए बृहस्‍पति , चार छह महीने के लिए मंगल , चार महीने के लिए शुक्र लोगों के समक्ष खास परिस्थितियां उपस्थित करने में जिम्‍मेदार होता है , वहीं दो महीने के लिए बुध का प्रभाव भी देखा गया है। 






आसमान में अभी 29 अकतूबर 2011 से ही वृश्चिक राशि में बुध ग्रह की ऐसी ही खास स्थिति चल रही है , जो बहुतों को सुखद तो कुछ को कष्‍टकर वातावरण प्रदान करने वाली है। इसकी क्रियाशीलता धीरे धीरे बढती जा रही है , जिसके कारण किसी खास कार्यक्रम में लोगों का ध्‍यान संकेन्‍द्रण बनता जाएगा। 25 और 26 नवंबर के आसपास किसी प्रकार की घटना के प्रभाव से इस कार्यक्रम में कोई बाधा उपस्थित हो सकती है , जिसके कारण 4 दिसंबर तक इस कार्यक्रम की सफलता में कुछ संशय बन सकता है। पर 12 या 13 दिसंबर के आसपास ही संशय के बादल छंटेंगे और कार्यक्रम अपने उसी रूप या दूसरे रूप में रफ्तार पकड लेगा। 22 , 23 और 24 दिसंबर के आसपास कार्यक्रम निर्णायक मोड में रहेगा , जरूरी नहीं , सभी को सफलता ही मिले , कुछ को असफलता भी हाथ लगेगी, यानि उनके हिस्‍से कष्‍ट भी आ सकता है। 4 जनवरी को बुध के वृश्चिक राशि से निकलते ही इस कार्यक्रम की चर्चा परिचर्चा भी समाप्‍त हो जाएगी।






बुध ग्रह विद्यार्थियों के लिए बहुत प्रभावी होता है , खासकर 12 वर्ष की उम्र से 18 वर्ष की उम्र के बालक बुध ग्रह के पूरे प्रभाव में होते हैं , जिन किशोरों का 12 वर्ष की उम्र के बाद किशोरावस्‍था का समय आराम दायक परिस्थितियों में कट रहा है , वे इस समय अपने सुख में और बढोत्‍तरी प्राप्‍त करेंगे। इसके विपरीत जिन किशोरों का 12 वर्ष की उम्र के बाद का समय कुछ कष्‍टवाला बना हुआ है , वे अपने कष्‍ट में और बढोत्‍तरी प्राप्‍त करेंगे। 4 जनवरी 2012 को बुध के वृश्चिक राशि से निकलते ही उन्‍हें थोडी राहत मिल जाएगी। 






निम्‍न समयांतराल में जन्‍म लेनेवाले बुध ग्रह की इस स्थिति के अच्‍छे प्रभाव में आएंगे ........ 






1, 1994 में 25 दिसंबर से 15 जनवरी , 3 अगस्‍त से 23 अगस्‍त , 6 दिसंबर से 26 दिसंबर , 1995 में 20 जुलाई से 10 अगस्‍त , 11 नवंबर से 30 नवंबर , 1996 में 18 मार्च से 8 अप्रैल , 1 जुलाई से 21 जुलाई , 21 अक्‍तूबर से 11 नवंबर , 1997 में 1 मार्च से 21 मार्च , 16 जून से 6 जुलाई , 2 अक्‍तूबर से 22 अक्‍तूबर , 1998 में 12 फरवरी से 2 मार्च , 29 मई से 19 जून , 17 सितंबर से 7 अक्‍तूबर , 1999 में 24 जनवरी से 14 फरवरी , 15 मई से 5 जून , 27 अगस्‍त से 17 सितंबर के मध्‍य जन्‍म लेने वाले सारे किशोर किशोरियां। 


2, जून जुलाई में खासकर 1916 , 1922, 1929 , 1935 , 1942, 1948 , 1955 , 1961 , 1968 , 1975 , 1981 , 1987 , 1994 , 2000 के जून जुलाई में जन्‍म लेनेवाले हर उम्र के लोग , 


3, मिथुन लग्‍न में जन्‍म लेने वाले हर उम्र के लोग , 






निम्‍न समयांतराल में जन्‍म लेनेवाले बुध ग्रह की इस स्थिति के बुरे प्रभाव में आएंगे .... 






1, 1994 में 14 फरवरी से 4 मार्च , 16 जून से 6 जुलाई , 10 अक्‍तूबर से 30 अक्‍तूबर , 1995 में 27 जनवरी से 17 फरवरी , 27 मई से 17 जून , 24 सितंबर से 14 अक्‍तूबर , 1996 में 11 जनवरी से 31 जनवरी , 7 मई से 27 मई , 7 अक्‍तूबर से 27 अक्‍तूबर , 1997 में 1 जनवरी से 14 जनवरी , 18 अप्रैल से 8 मई , 20 अगस्‍त से 10 सितंबर , 9 दिसंबर से 29 दिसंबर , 1998 में 1 अप्रैल से 20 अप्रैल , 3 अगस्‍त से 23 अगस्‍त , 22 नवंबर से 12 दिसंबर , 1999 में 13 मार्च से 3 अप्रैल , 16 जुलाई से 6 अगस्‍त , 6 नवंबर से 26 नवंबर के मध्‍य जन्‍म लेनेवाले , 


2, अप्रैल मई , खासकर 1925 , 1932 , 1938 , 1945 , 1951 , 1958 , 1965 , 1971 , 1977 , 1984 , 1990 1996 , 2004 के अप्रैल मई में जन्‍म लेनेवाले, 


3, मेष राशि में जन्‍म लेनेवाले , 






चूंकि बुध ग्रह मिथुन और कन्‍या राशि का स्‍वामी है और इसकी स्थिति वृश्चिक राशि में बनेगी , इसलिए अपने अपने ग्रहों के हिसाब से इन तीनों राशियों से संबंधित भावों का सुख या कष्‍ट जातको को मिलेगा , इसलिए मेष लग्‍नवाले भाई बहन , बंधु बांधव के कारण जीवन शैली को , वृष लग्‍नवाले धन , कोष , बुद्धि या संतान पक्ष की स्थिति के कारण घर गृहस्‍थी के वातावरण को , मिथुन लग्‍नवाले शरीर , व्‍यक्तित्‍व , माता पक्ष , किसी प्रकार की संपत्ति से संबंधित मामले के झंझट को , कर्क लग्‍नवाले भाई बहन , बंधु बांधव , खर्च या बाहरी संदर्भों के कारण मानसिक स्थिति को , सिंह लग्‍न वाले धन , कोष और लाभ की मजबूत स्थिति के कारण स्‍थायित्‍व या हर प्रकार की संपत्ति की स्थिति को कमजोर या मजबूत पाएंगे। 






इसी प्रकार कन्‍या लग्‍नवाले शरीर , व्‍यक्तित्‍व , पिता , पद प्रतिष्‍ठा , कर्मक्षेत्र के वातावरण के कारण अपनी शक्ति को , तुला लग्‍नवाले भाग्‍य , बाहरी संदर्भ और खर्च शक्ति की मजबूती के कारण आर्थिक स्थिति को , वृश्चिक लग्‍नवाले लाभ और जीवनशैली की मजबूती के कारण अपने व्‍यक्तित्‍व और आत्‍मविश्‍वास को , धनु लग्‍नवाले घर गृहस्‍थी , पिता पक्ष , पद प्रतिष्‍ठा , कर्मक्षेत्र के कारण बाहरी संदर्भों की , मकर लग्‍नवाले भाग्‍य , प्रभाव और झंझट सुलझाने की क्षमता के कारण लाभ की स्थिति को , कुंभ लग्‍नवाले बुद्धि , ज्ञान , संतान , जीवन शैली के कारण पद प्रतिष्‍ठा की स्थिति, सामाजिक महत्‍व को , मीन लग्‍न वाले माता पक्ष , हर प्रकार की संपत्ति , घर गृहस्‍थी के कारण भाग्‍य को कमजोर या मजबूत पाएंगे। 






आनेवाले लेख में गोचर के मंगल , जो आनेवाले पांच छह महीनों तक सिंह राशि में मौजूद रहेगा और युवा वर्ग के सुख या दुख का कारण बनेगा , के जातकों पर अच्‍छे या बुरे प्रभाव की चर्चा की जाएगी। 






YEAR PREDICTION 2020


----------------------------------------------------------------------------------------------------


चंद्र-राशि, सूर्य-राशि या लग्न-राशि नहीं, 


अपने जन्मकालीन सभी ग्रहों पर आधारित सटीक दैनिक और वार्षिक भविष्यफल के लिए


-----------------------------------------------------------------------------------------------------


Search Gatyatmak Jyotish in playstore , Download our app , SignUp & Login


----------------------------------------------------------------------------------------------------


नोट - दिसंबर 2020 तक के लिए निःशुल्क सदस्यता की अवधि लगभग समाप्त होनेवाली है।





----------------------------------------------------------------------------------------------------




आज से ढाई वर्षों तक शनिदेव ... कैसा रहेगा इनका आप पर प्रभाव ????

ग्रहीय स्थिति के हिसाब से 11-11-11 जादुई आंकडें का दिन नहीं !!



इंतजार की घडी बहुत निकट आ गयी है , 11-11-11 के जादुई आंकडें के दिन में मात्र चार दिन बच गए हैं। जैसे जैसे यह निकट आ रहा है , वैसे वैसे शुभ काम शुरू करने की प्रतीक्षा में युवाओं के दिल की धडकने तेज हो गयी है। कुछ विवाह के लिए तो कई परिवार नन्हे मेहमान के इंतजार में बैठे है। वे चाहते हैं कि बच्चा सदी की खास तारीख 11-11-11 को ही इस दुनिया में आए। यहां तक कि ऐश्वर्या राय ने भी इसी दिन मां बनने का निश्‍चय किया है। अंक ज्‍योतिषियों की मानें , छह 1 यनि ट्रिपल इलेवन के आने से ही यह दिन महत्‍वपूर्ण बन गया है। इस दिन लडका हुआ तो राजयोग में जन्‍म लेगा , धनवान , ईमानदार, ऊर्जावान , कुशल नेतृत्वकर्ता , पुरुषार्थी होगा , जबकि बेटी हुई तो शक्ति का अवतार और धर्मपरायण होगी , उसे संगीत से लगाव होगा तथा वह लेखनी में निपुण होगी। इस खास तारीख का महत्‍व अंक विशेषज्ञों ने ऐसा बना डाला है कि लोग इस दिन सिजेरियन के लिए भी तैयार हैं , दस दिन पूर्व और पश्‍चात् जन्‍म लेने वाले बच्‍चे भी इसी दिन जन्‍म लेने को विवश हैं। कइयों के मां बाप ने तो अस्‍पतालों में एडवांस बुकिंग भी करा ली है और इस दिन की प्रसूति के लिए विशेषज्ञ डॉक्‍टरों की देख रेख में गर्भवती महिलाओं को रखा गया है।









पर ज्‍योतिष की दृष्टि से देखा जाए तो इस दिन ग्रहों की स्थिति की ऐसी कोई खासियत नहीं दिखाई देती , जिसका प्रभाव जन्‍म लेने वाले बच्‍चे पर असाधारण ढंग से पडे। यह दिन पूर्णिमा का है , इसलिए ‘गत्‍यात्‍मक ज्‍योतिष’ के हिसाब से चंद्रमा पूरी ताकत में होगा , इस कारण बच्‍चे के बचपन के स्‍वच्‍छंद मनोवैज्ञानिक विकास में कोई बाधा नहीं होनी चाहिए। मंगल की राशि में पूर्ण चंद्र मंगल से संबंधित पक्षों को भी मजबूत बन सकता है। पर इसके साथ का वक्री बृहस्‍पति बच्‍चे को किसी न किसी मुद्दे को लेकर संवेदनशील बनाएगा , जिसका प्रभाव भी उसके विकास पर पडेगा। इस जातक की चंद्र कुंडली में दो दो ग्रहों बुध और शुक्र की आठवें भाव में स्थिति बनेगी , जिसके कारण जीवन के तीन चार पक्ष मनोनुकूल नहीं बने रहने से जीवन में बाधाएं आती रहेंगी। यही नहीं , इन ग्रहों के प्रभाव से बचपन में ही छह वर्ष की उम्र के बाद ही पारिवारिक मामलों में कई तरह की बाधाएं देखने को मिलेगी। चंद्रमा के बाद एक शनि की ग्रह स्थिति ही कुछ मनोनुकूल बनकर जातक को कभी कभी अपने संदर्भों में राहत दे सकती है , पर जिस प्रकार के असाधारण बच्‍चों की बात अंक विशेषज्ञ कर रहे हैं , वैसा तो ‘गत्‍यात्‍मक ज्‍योतिष’ के हिसाब से हमें नहीं दिखाई देता।

हैकरों के लिए ऐसे पासवर्डों का तोड निकालना कुछ कठिन होता है !!

इस वर्ष नवरात्र में दस बारह दिनों के लिए गांव चली गयी , चूंकि गांव में मेरे पास कंप्‍यूटर और इंटरनेट की सुविधा नहीं थी , इसलिए इतने दिनों तक अपने जीमेल को लॉगिन भी नहीं कर सकी। आने के बाद जैसे ही काम करना शुरू किया , एलर्ट आने शुरू हुए। मेरा अकाउंट 8 अक्‍तूबर को किसी दूसरे देश से खोला गया था। राहत की बात थी कि किसी को मेल वगैरह नहीं किया गया था। मैने झट से पासवर्ड बदला , पर बदलने के बाद भी मुझे कोई राहत नहीं मिली। 11 अक्‍तूबर को ब्राजील और 13 अक्‍तूबर को टर्की से पुन: इस अकाउंट को खोले जाने की सूचना मिली। इसके बाद मैने अपने पासवर्ड को बहुत मजबूत बनाया , उसमें कैपिटल , स्‍माल अक्षरों और अंकों के साथ संकेत चिन्‍हों का भी प्रयोग किया , यानि कि वैसा ही मजबूत पासवर्ड रखा , जैसा इंटरनेट बैंकिंग में रखने की सलाह दी जाती है ..


पासवर्ड को बदलने के बाद इतने दिन गुजर चुके हैं , अभी तक पुन: ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है । शायद हैकरों के लिए ऐसे पासवर्डों का तोड निकालना शायद कुछ कठिन होता हो या फिर उन्‍हें अब मेरे अकाउंट को खोलने की आवश्‍यकता नहीं हो रही हो , पर मुझे तो राहत मिल गयी है। हालांकि ऐसे पासवर्डों को याद रखना लोगों के लिए भी कठिन होता है , पर मेरी सलाह है कि  इंटरनेट का अच्‍छी तरह उपयोग करनेवालों को ऐसी सावधानी बरतनी ही चाहिए , उन्‍हें ऐसे ही पासवर्ड रखने चाहिए , क्‍यूंकि अकाउंट का दुरूपयोग किए जाने के बाद कोई चारा नहीं होता।

भला बिना बच्‍चों के कैसी दीपावली ??

what is diwali for children  


वैसे तो पूरी दुनिया में हर देश और समाज में कोई न कोई त्‍यौहार मनाए जाते हैं , पर भारतीय संस्‍कृति की बात ही अलग है। हर महीने एक दो पर्व मनते ही रहते हैं , कुछ आंचलिक होते हैं तो कुछ पूरे देश में मनाए जानेवाले। दीपावली , ईद और क्रिसमस पूरे विश्‍व में मनाए जाने वाले तीन महत्‍वपूर्ण त्‍यौहार हैं , जो अलग अलग धर्मों के लोग मनाते हैं। भारतवर्ष में पूरे देश में मनाए जानेवाले त्‍यौहारों में होली , दशहरा , दीपावली जैसे कई त्‍यौहार हैं। त्‍यौहार मनाने के क्रम में लगभग सभी परिवारों में पति खर्च से परेशान होता है , पत्‍नी व्रत पूजन , साफ सफाई और पकवान बनाने के अपने बढे हुए काम से , पर बच्‍चों के लिए तो त्‍यौहार मनोरंजन का एक बडा साधन होता है। स्‍कूलों में छुट्टियां है , पापा के साथ घूमघूमकर खरीदारी करने का और मम्‍मी से मनपसंद पकवान बनवाकर खाने की छूट है , तो मस्‍ती ही मस्‍ती है। मम्‍मी और पापा की तो बच्‍चों की खुशी में ही खुशी है। सच कहं , तो बच्‍चों के बिना कैसा त्‍यौहार ??


पर आज सभी छोटे छोटे शहरों के मां पापा बिना बच्‍चों के त्‍यौहार मनाने को मजबूर हैं। चाहे होली हो , दशहरा हो या दीपावली , किसी के बच्‍चे उनके साथ नहीं। इस प्रतियोगिता वाले दौर में न तो पढाई छोटे शहरों में हो सकती है और न ही नौकरी। दसवीं पास करते ही अनुभवहीन बच्‍चों को दूर शहरों में भेजना अभिभावकों की मजबूरी होती है , वहीं से पढाई लिखाई कर आगे बढते हुए कैरियर के चक्‍कर में वो ऐसे फंसते हैं कि पर्व त्‍यौहारों में दो चार दिन की छुट्टियों की व्‍यवस्‍था भी नहीं कर पाते। मैं भी पिछले वर्ष से हर त्‍यौहार बच्‍चों के बिना ही मनाती आ रही हूं। दशहरे में गांव चली गयी , भांजे भांजियों को बुलवा लिया , नई जगह मन कुछ बहला। पर दीपावली में अपने घर में रहने की मजबूरी थी , लक्ष्‍मी जी का स्‍वागत तो करना ही पडेगा। पर बच्‍चों के न रहने से भला कोई त्‍यौहार त्‍यौहार जैसा लग सकता है ??

पहले संयुक्‍त परिवार हुआ करते थे , तीन तीन पीढियों के पच्‍चीस पचास लोगों का परिवार , असली त्‍यौहार मनाए जाते थे। कई पीढियों की बातें तो छोड ही दी जाए , अब तो त्‍यौहारों में पति पत्‍नी और बच्‍चों तक का साथ रह पाना दूभर होता है। जबतक बच्‍चों की स्‍कूली पढाई चलती है , त्‍यौहारों में पति की अनुपस्थिति बनी रहती है , क्‍यूंकि बच्‍चों की पढाई में कोई बाधा न डालने के चक्‍कर में वे परिवार को एक स्‍थान पर शिफ्ट कर देते हैं और खुद तबादले की मार खाते हुए इधर उधर चक्‍कर लगाते रहते हैं। हमारे मुहल्‍ले के अधिकांश परिवारों में किराए में रहनेवाली सभी महिलाएं बच्‍चों की पढाई के कारण अपने अपने पतियों से अलग थी। पर्व त्‍यौहारों में भी उनका सम्मिलित होना कठिन होता था , किसी के पति कुछ घंटों के लिए , तो किसी के दिनभर के लिए समय निकालकर आ जाते। मैने खुद ये सब झेला है , भला त्‍यौहार अकेले मनाया जाता है ??
what is diwali for children


बच्‍चों की शिक्षा जैसी मौलिक आवश्‍यकता के लिए भी सरकार के पास कोई व्‍यवस्‍था नहीं है। पहले समाज के सबसे विद्वान लोग शिंक्षक हुआ करते थे , सरकारी स्‍कूलों की मजबूत स्थिति ने कितने छात्रों को डॉक्‍टर और इंजीनियर बना दिया था। पर समय के साथ विद्वान दूसरे क्षेत्रों में जाते रहें और शिक्षकों का स्‍तर गिरता चला गया। शिक्षकों के हिस्‍से इतने सरकारी काम भी आ गए कि सरकारी स्‍कूलों में बच्‍चों की पढाई पीछे होती गयी।सरकार ने कर्मचारियों के बच्‍चों के पढने के लिए केन्‍द्रीय स्‍कूल भी खोलें , उनमें शिक्षकों का मानसिक स्‍तर का भी ध्‍यान रखा , पर अधिकांश क्षेत्रों में खासकर छोटी छोटी जगहों के स्‍कूल पढाई की कम राजनीति की जगह अधिक बनें।  इसका फायदा उठाते हुए प्राइवेट स्‍कूल खुलने लगे और मजबूरी में अभिभावकों ने बच्‍चों को इसमें पढाना उचित समझा। आज अच्‍छे स्‍कूल और अच्‍छे कॉलेजों की लालच में बच्‍चों को अपनी उम्र से अधिक जबाबदेही देते हुए हम दूर भेज देते हैं। अब नौकरी या व्‍यवसाय के कारण कहीं और जाने की जरूरत हुई तो पूरे परिवार को ले जाना मुनासिब नहीं था। इस कारण परिवार में सबके अलग अलग रहने की मजबूरी बनी रहती है।

वास्‍तव में अध्‍ययन के लिए कम उम्र के बच्‍चों का माता पिता से इतनी दूर रहना उनके सर्वांगीन विकास में बाधक है , क्‍यूंकि आज के गुरू भी व्‍यावसायिक गुरू हैं , जिनका छात्रों के भविष्‍य या चरित्र निर्माण से कोई लेना देना नहीं। इसलिए उन्‍हें अपने घर के आसपास ही अध्‍ययन मनन की सुविधा मिलनी चाहिए।  यह सब इतना आसान तो नहीं , बहुत समय लग सकता है , पर पारिवारिक सुद्ढ माहौल के लिए यह सब बहुत आवश्‍यक है। इसलिए आनेवाले दिनों में सरकार को इस विषय पर सोंचना चाहिए।  मैं उस दिन का इंतजार कर रही हूं , जब सरकार ऐसी व्‍यवस्‍था करे , जब प्राइमरी विद्यालय में पढने के लिए बच्‍चे को अपने मुहल्‍ले से अधिक दूर , उच्‍च विद्यालय में पढने के लिए अपने गांव से अधिक दूर , कॉलेज में पढने या कैरियर बनाने के लिए अपने जिले से अधिक दूर जाने की जरूरत नहीं पडेगी। तभी पूरा परिवार साथ साथ रह पाएगा और आनेवाले दिनों में पर्व त्‍यौहारों पर हम मांओं के चेहरे पर खुशी आ सकती है , भला बिना बच्‍चों के कैसी दीपावली ??